ग्राम प्रधान पर युवक से मारपीट और फायरिंग का आरोप, कार्रवाई की मांग लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार

SHARE:

 

कुलपहाड़ थाना पुलिस पर भी कार्रवाई न करने का आरोप, मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

(नितेन्द्र झां)

#महोबा। जिले के कुलपहाड़ थाना क्षेत्र के बुधौरा गांव में ग्राम प्रधान और उसके साथियों पर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट तथा फायरिंग करने का आरोप लगा है। घायल पक्ष ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, गांव निवासी घासीराम को कथित तौर पर ग्राम प्रधान देवसिंह और उसके साथियों ने घर से बाहर बुलाकर लाठी-डंडों एवं धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि हमले के दौरान जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर भी किया गया, जिसमें गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई। शोर और गोली की आवाज सुनकर परिजन तथा ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी कथित रूप से धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलाताल भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय महोबा रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब वे लिखित तहरीर लेकर कुलपहाड़ थाने पहुंचे तो उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई। परिवार का कहना है कि पुलिस ने उन्हें ही फटकार लगाकर थाने से वापस भेज दिया।
इसी शिकायत को लेकर पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और निष्पक्ष जांच व आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच के बाद आरोपों की पुष्टि होने पर क्या कार्रवाई करती है।

Nitendra Jha
Author: Nitendra Jha