विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में मनाया गया अखंड भारत कार्यक्रम

SHARE:

कुरारा, हमीरपुर। विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में शुक्रवार को कुरारा स्थित बालिका इंटर कॉलेज में अखंड भारत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात आचार्य पद्धति के माध्यम से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।

कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष अमित सिंह, प्रखंड मातृशक्ति संयोजिका मांडवी शर्मा, जिला सत्संग प्रमुख त्रिभुवन सिंह तथा जिला दुर्गावाहिनी संयोजिका आकांक्षा द्विवेदी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड मंत्री सुशील कुमार सोनी ने किया।

समाज निर्माण में संगठन की भूमिका पर दिया जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सत्संग प्रमुख त्रिभुवन सिंह ने विश्व हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कार्यपद्धति तथा समाज निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने सामाजिक एकता, संगठन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता बताई तथा उपस्थित लोगों से संगठन से जुड़कर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।



वहीं मातृशक्ति सह-संयोजिका एवं बालिका विद्यालय की प्राचार्य मांडवी शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि महापुरुषों के चरित्र एवं जीवन से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को अपने चरित्र का निर्माण इस प्रकार करना चाहिए कि उसका जीवन समाज के लिए अनुकरणीय बन सके। उन्होंने एक प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में उत्साह एवं ऊर्जा का संचार किया।

अखंड भारत और सामाजिक एकता का संदेश

प्रखंड मंत्री सुशील कुमार सोनी ने अपने संबोधन में भारत के विभाजन के कारणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में समाज को एकजुट करने के लिए सभी को सामाजिक समरसता और सद्भाव की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा और एकता मजबूत करना समय की आवश्यकता है।


उन्होंने कहा कि समाज को विनम्रता, समरसता और सद्भाव के साथ आगे बढ़ना चाहिए, लेकिन अपनी आत्मरक्षा के प्रति भी सजग रहना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से संगठित, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

करीब एक सैकड़ा लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में दुर्गावाहिनी से अनुष्का, शिवानी, प्रांशी एवं पावनी सहित बालिका विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में करीब एक सैकड़ा लोगों ने सहभागिता की।


कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इसके बाद भारत माता की जय के जयकारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11:30 बजे से कुरारा के बालिका इंटर कॉलेज में किया गया।

IKV News
Author: IKV News