जनपद में सतत निगरानी रखने और आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश, जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर
हमीरपुर। जनपद में हो रही भारी वर्षा एवं मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित आपदा प्रकोष्ठ/कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं, प्राप्त होने वाली सूचनाओं एवं राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों का जायजा लेते हुए तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी तरह अलर्ट एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारी वर्षा अथवा किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में पूरे जनपद पर लगातार निगरानी रखी जाए। किसी भी घटना की सूचना प्राप्त होते ही उसका तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावित लोगों तक आवश्यक राहत एवं सहायता पहुंचाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आकस्मिक परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
आपदा की सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी ने आपदा कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 9454416001 जारी किया है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि भारी वर्षा के दौरान मकान क्षति, जनहानि, पशु हानि, जलभराव अथवा किसी अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल इस नंबर पर दें, ताकि संबंधित अधिकारियों को समय से सूचित कर प्रभावित व्यक्तियों तक राहत पहुंचाई जा सके।

जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों को करें चिन्हित
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में तैनात लेखपालों, ग्राम पंचायत सचिवों एवं अन्य विभागीय कर्मचारियों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि यदि कोई परिवार जर्जर भवन अथवा कच्चे मकान में रह रहा है और वहां दुर्घटना की संभावना है, तो ऐसे परिवारों को समय रहते चिन्हित कर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया जाए।
सूचना मिलते ही हो त्वरित कार्रवाई
डीएम ने कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना को तत्काल दर्ज करने, संबंधित अधिकारियों को समय से अवगत कराने तथा उस पर की गई कार्रवाई की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम की परिस्थितियों में जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तत्परता, संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्रीमती रिजवाना शाहिद, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री विजय सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री पैगाम हैदर, आपदा विशेषज्ञ श्री प्रियेश रंजन मालवीय सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







