24 घंटे की बारिश ने छीना बुजुर्ग का आशियाना, परिवार की जान पर मंडरा रहा खतरा

SHARE:

मकान का बड़ा हिस्सा गिरा, कमजोर हिस्से में रहने को मजबूर परिवार; प्रशासन से तत्काल राहत और आवास की मांग

कुरारा/पतारा, हमीरपुर। लगातार हो रही बारिश ने गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कुरारा क्षेत्र के पतारा गांव में करीब 24 घंटे तक हुई लगातार बारिश के चलते 80 वर्षीय शिवदास शाहू का कच्चा मकान ढह गया। गनीमत रही कि मकान गिरने के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसे के बाद परिवार के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

मकान का बड़ा हिस्सा गिर चुका है और शेष बचा हिस्सा भी काफी कमजोर एवं जर्जर स्थिति में है। इसके बावजूद शिवदास शाहू अपनी पत्नी, बहू और तीन छोटे बच्चों के साथ उसी मकान के एक कोने में रहने को मजबूर हैं। कमजोर मकान के चलते परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

पीड़ित शिवदास शाहू ने बताया कि यह उनका एकमात्र आशियाना है। मकान गिर जाने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।


घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता दिनेश द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित लेखपाल राजेश कुमार एवं सचिव नीरज सचान को मामले की जानकारी दी और पीड़ित परिवार को तत्काल राहत दिलाने की मांग की।

दिनेश द्विवेदी ने अधिकारियों से मांग की कि प्रभावित परिवार को नियमानुसार तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्रता के अनुसार आवास का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाए।

बताया गया कि शिवदास शाहू की आर्थिक स्थिति कमजोर है और उनके बेटे दूसरे राज्यों में मजदूरी करते हैं। ऐसे में मकान गिरने से परिवार के सामने आर्थिक संकट के साथ-साथ सुरक्षित आवास की समस्या भी गंभीर हो गई है।

लगातार बारिश के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर एवं कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता की आवश्यकता है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द मदद उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।

रिपोर्ट: IKVNEWS

IKV News
Author: IKV News