स्वास्थ्य जांच के साथ नए श्रमिकों का पंजीयन व नवीनीकरण, पात्र लाभार्थियों को हितलाभ के चेक वितरित
हमीरपुर। शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाओं और विभागीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके कार्यस्थल पर ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग, हमीरपुर द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जे.के. सीमेंट फैक्ट्री, इंगोहटा, सुमेरपुर में वृहद स्वास्थ्य परीक्षण, श्रमिक पंजीयन एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न हितकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। शिविर में नए श्रमिकों के पंजीयन तथा पूर्व से पंजीकृत श्रमिकों के पंजीयन नवीनीकरण की कार्रवाई भी की गई।

रक्तचाप, ब्लड शुगर और बीएमआई की हुई जांच
स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम ने श्रमिकों का रक्तचाप, रक्त शर्करा, वजन एवं बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद श्रमिकों को व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया तथा आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
चिकित्सकों ने श्रमिकों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा एवं कमजोरी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के लिए संतुलित आहार लेने, स्वच्छ पेयजल का सेवन करने, नियमित व्यायाम करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया।
सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग पर दिया जोर
शिविर के दौरान कार्यस्थल पर सुरक्षा को लेकर भी श्रमिकों को जागरूक किया गया। उन्हें हेलमेट, सुरक्षा जूते, दस्ताने सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि कार्यस्थल पर निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं एवं व्यावसायिक स्वास्थ्य जोखिमों को कम किया जा सकता है।
प्रभारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री दामोदर प्रसाद अग्रहरि ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य श्रमिकों एवं उनके परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभागीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे कार्यस्थल पर पहुंचाना है, ताकि श्रमिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने पात्र श्रमिकों से विभागीय योजनाओं से जुड़ने तथा समय से पंजीयन और नवीनीकरण कराने की अपील की।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री विजयपाल सोनकर ने श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आवश्यक सावधानियां अपनाकर कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं एवं व्यावसायिक बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने प्रतिष्ठान प्रबंधन से भी सुरक्षा प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।
अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक रहे मौजूद
शिविर में श्रम विभाग से प्रभारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री दामोदर प्रसाद अग्रहरि, श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री विजयपाल सोनकर, सहायक लेखाकार श्री विवेक मिश्रा, कम्प्यूटर ऑपरेटर सैयद मोहम्मद उबैदुल्ला एवं सूरजभान उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग से डॉ. हर्ष रंजन, श्री महेंद्र कुमार, श्री प्रवीण कुमार एवं श्रीमती संध्या देवी ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श में सहयोग किया। इसके अलावा जे.के. सीमेंट फैक्ट्री के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक शिविर में मौजूद रहे।
प्रतिष्ठान के अधिकारियों एवं श्रमिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण, श्रमिक पंजीयन, नवीनीकरण तथा हितलाभ वितरण की इस संयुक्त पहल को श्रमिकों के लिए उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।







