महोबा। जिले के कस्बा पनवाड़ी के सुभाष नगर मोहल्ले में बुधवार को एक पशुवाड़े में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से बकरियों समेत अन्य पशु जल गए, जबकि एक भैंस के झुलसने की सूचना है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय मच्छरों से बचाव के लिए पशुवाड़े के पास धुआं सुलगाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी से निकली चिंगारी या आग की लपटों के कारण पशुवाड़े में आग भड़की हो। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और पशुओं को सुरक्षित निकालने की कोशिश की। हादसे में पशुपालक को भी नुकसान उठाना पड़ा है। आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।








