सड़कवार कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से पूरा होगा मरम्मत कार्य, गुणवत्ता से समझौता मिलने पर होगी कार्रवाई
हमीरपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सड़कों की वर्तमान स्थिति, बारिश के कारण क्षतिग्रस्त मार्गों तथा सड़क गड्ढा मुक्ति अभियान के तहत अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश का दौर लगभग समाप्त होने के बाद अक्टूबर माह से सड़कों की मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव, कटान अथवा अन्य कारणों से जिन सड़कों पर गड्ढे या क्षति हुई है, उनका प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन कर मरम्मत कराई जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में कोई भी सड़क गड्ढायुक्त स्थिति में नहीं रहनी चाहिए। लोक निर्माण विभाग (PWD) सहित सभी संबंधित कार्यदायी संस्थाएं सड़कवार कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराएं।
गुणवत्ता पर विशेष निगरानी के निर्देश
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता एवं टिकाऊपन का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यों की नियमित निगरानी के साथ-साथ निर्माण सामग्री और निर्धारित मानकों की जांच भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि केवल गड्ढे भरने तक ही कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कराए गए मरम्मत कार्य लंबे समय तक टिकाऊ रहें। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हालिया फोटोग्राफ्स के साथ मांगी अद्यतन रिपोर्ट
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्रत्येक सड़क की वर्तमान स्थिति के हालिया फोटोग्राफ्स सहित अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इससे सड़कवार वास्तविक स्थिति और कराए गए कार्यों का प्रभावी ढंग से परीक्षण किया जा सकेगा।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया।
लापरवाही पर जिम्मेदारी तय कर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क निर्माण अथवा मरम्मत कार्यों में लापरवाही, मानकों की अनदेखी या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को लगातार स्थलीय निरीक्षण एवं गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश दिए। मानकों के अनुरूप कार्य न पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क गड्ढा मुक्ति अभियान से जुड़े सभी विभाग अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि जनपद की सड़कों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर स्थिति में रखा जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी श्री सतीश कुमार सहित लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
— IKVNEWS







