खेल मैदान में युवाओं ने दिखाया दमखम, कुछेछा की बालिका कबड्डी टीम ने मारी बाजी

SHARE:

‘मेरा युवा भारत’ के तत्वावधान में ब्लॉक/क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन, दरियापुर की टीम बनी पुरुष खो-खो विजेता

स्वस्थ युवा-विकसित भारत और नशामुक्त युवा अभियान के तहत आयोजित हुईं विभिन्न खेल स्पर्धाएं, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

हमीरपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के क्रम में ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat), हमीरपुर के तत्वावधान में रविवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुछेछा के खेल मैदान में ब्लॉक/क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘स्वस्थ युवा-विकसित भारत’ एवं ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में जनपद के युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी श्री सुशील करोलिया ने की। मुख्य अतिथि के रूप में हेड कांस्टेबल श्री भोला सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में हेड कांस्टेबल सुश्री मोनिका गौतम उपस्थित रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित 100 मीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में हर्षित ने प्रथम, तुषार ने द्वितीय तथा अमन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में तनु प्रथम, साक्षी द्वितीय और प्रतिज्ञा तृतीय स्थान पर रहीं। लंबी कूद के पुरुष वर्ग में शिव बस ने प्रथम, सुमित ने द्वितीय तथा धनंजय प्रताप ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में दुर्गा प्रथम, लक्ष्मी द्वितीय और श्वेता तृतीय स्थान पर रहीं।

सामूहिक खेल स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में कुछेछा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बी.के.सी. सुमेरपुर की टीम उपविजेता रही। पुरुष वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, दरियापुर की टीम विजेता बनी, वहीं सुमेरपुर की टीम को उपविजेता घोषित किया गया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अतिथियों एवं जिला युवा अधिकारी द्वारा विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन युवराज वर्मा ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायक के रूप में हर्षित एवं निर्भय सिंह तथा राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, दरियापुर की सहायक अध्यापक (शारीरिक शिक्षा) श्रीमती/सुश्री प्रीति कुमारी का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी दिया।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं