बेटी के आगमन पर खुशियां मनाकर समाज को दिया सकारात्मक संदेश, 22 वर्षों से निराश्रित बेटियों के विवाह में सहयोग कर रहे हैं कुरारा के वरिष्ठ समाजसेवी
कुरारा/हमीरपुर। समाज में बेटा-बेटी के बीच भेदभाव की मानसिकता को समाप्त करने और बेटियों के सम्मान का संदेश देने की एक सराहनीय पहल कुरारा के वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रसिद्ध कथावाचक शिव नारायण तिवारी ने की है। उनके परिवार में पुत्रवधू को बेटी रत्न की प्राप्ति होने पर उन्होंने इस खुशी को सामाजिक उत्सव का रूप देते हुए 501 माताओं एवं बहनों को साड़ी और सलवार सूट भेंटकर सम्मानित किया।

इस विशेष अवसर पर हमीरपुर स्थित सनलाइफ हॉस्पिटल में माताओं एवं बहनों को वस्त्र भेंट किए गए तथा नवजात कन्या के सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी से आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इसके बाद नवजात बेटी का कुरारा स्थित निज निवास पर भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह के साथ आगमन हुआ। इस आयोजन के माध्यम से तिवारी परिवार ने समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया कि बेटी का जन्म किसी उत्सव से कम नहीं है।

शिव नारायण तिवारी ने इस अवसर पर भावुक संदेश देते हुए कहा कि माता आदिशक्ति की असीम कृपा और सभी के स्नेह एवं आशीर्वाद से उनके परिवार में बेटी रत्न का आगमन हुआ है। उन्होंने कहा कि जीवन में सदैव इस बात को ध्यान रखना चाहिए कि बेटा होना भाग्य है, पर बेटी होना सौभाग्य है। उन्होंने माताओं-बहनों से बेटी को धर्म, संस्कृति, नीति और सिद्धांतों के अनुरूप जीवन जीने की प्रेरणा देने का शुभाशीर्वाद भी प्राप्त किया।
22 वर्षों से निराश्रित बेटियों के विवाह में कर रहे सहयोग
शिव नारायण तिवारी केवल धार्मिक कथावाचन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी उनकी विशेष पहचान है। वह विगत 22 वर्षों से समाज की निराश्रित एवं जरूरतमंद बहनों के विवाह में सहयोग करते आ रहे हैं। अपनी दानशीलता और सेवा भावना के लिए क्षेत्र में लोकप्रिय तिवारी समय-समय पर समाज सुधार से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी करते रहते हैं।
बेटी के जन्म पर 501 माताओं-बहनों को वस्त्र भेंट करने की यह पहल उनके सामाजिक सरोकारों और नारी सम्मान के प्रति सकारात्मक सोच को प्रदर्शित करती है। ऐसे आयोजन समाज में बेटियों के प्रति सम्मान, समानता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र की हस्तियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर श्री अविनाशी त्रिपाठी, श्री राकेश पालिवाल, जयप्रकाश त्रिपाठी, राहुल द्विवेदी (मौदहा), रमाकांत शुक्ल, डॉ. अवधेश मिश्रा, दीपक मिश्रा, अभिषेक, राजोल (हमीरपुर), अंकित पंडित (निवादा), श्रीमती दीपा तिवारी, ममता दुबेदी, बबली मिश्रा सहित सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिव नारायण तिवारी ने कार्यक्रम में शामिल होकर नवजात बेटी को आशीर्वाद देने तथा परिवार की खुशियों में सहभागी बनने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने माता आदिशक्ति से समस्त समाज के कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
IKVNEWS | सच को बयान करती खबरें।








