#महोबा। कबरई नगर पंचायत/कस्बे के समीप स्थित कबरई बांध में इस वर्ष जल भंडारण क्षमता बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। मौदहा बांध निर्माण खंड-प्रथम, महोबा के अधिशासी अभियंता विनय कुमार की ओर से ग्राम प्रधान ग्राम पंचायत गंज एवं ग्राम पंचायत गुढ़ौरा को भेजे गए पत्र में बांध के प्रस्तावित जलस्तर की जानकारी दी गई है।
पत्र के अनुसार कबरई बांध को पूर्व में 157.00 मीटर लेवल तक भरा गया था। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार इस वर्ष बांध को दो मीटर अधिक यानी 159.00 मीटर जलस्तर तक भरने का प्रस्ताव है। इस स्तर तक पानी भरने पर बांध में करीब 48.54 एमसीएम (मिलियन क्यूबिक मीटर) जल भंडारण होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बांध को 159 मीटर जलस्तर तक भरने से ग्राम पंचायत गंज के ग्राम झिरसहेवा तथा ग्राम गुढ़ौरा की आबादी प्रभावित होगी। इसी को देखते हुए विभाग ने दोनों ग्राम पंचायतों से आग्रह किया है कि गांवों में जनसामान्य को प्रस्तावित जलभराव की जानकारी देने के लिए मुनादी कराकर लोगों को सूचित किया जाए।
जलस्तर बढ़ाने के फैसले से जहां बांध में अधिक पानी संरक्षित होने की उम्मीद है, वहीं प्रभावित आबादी को लेकर प्रशासन और संबंधित विभाग के सामने समय रहते लोगों को सचेत करने की चुनौती भी है।







