हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल के निर्देशों के क्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत दिलाने के उद्देश्य से जनपद में ‘ग्राम चौपाल’ कार्यक्रम की पहल की जा रही है। कार्यक्रम का शुभारंभ 21 अगस्त 2026 से किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में जनपद की 50 ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल आयोजित की जाएंगी। चौपालों के सफल संचालन एवं प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए 25 नामित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक अधिकारी द्वारा प्रातः 09:00 बजे से चौपाल का आयोजन किया जाएगा। अधिकारी पूर्वाह्न में एक ग्राम पंचायत तथा अपराह्न में दूसरी ग्राम पंचायत में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे।
ग्राम चौपाल में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, मध्याह्न भोजन, स्वच्छता, राजस्व, विकास कार्यों सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं की सुनवाई की जाएगी। स्थानीय स्तर पर निस्तारित की जा सकने वाली शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही समाधान कराया जाएगा। वहीं, नीतिगत अथवा उच्च स्तर से संबंधित प्रकरणों को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा ग्राम चौपालों के आयोजन हेतु विस्तृत आदेश एवं रोस्टर जारी कर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय पर ग्राम पंचायतों में उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याओं की गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनवाई करें तथा प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता न पड़े, बल्कि प्रशासन स्वयं गांव तक पहुंचकर जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे।







