विधायक ने कंपोजिट विद्यालय पारा का किया औचक निरीक्षण, बच्चों के साथ बैठकर चखा मध्याह्न भोजन

SHARE:

हमीरपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने विकासखंड मौदहा अंतर्गत ग्राम पंचायत पारा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय (कंपोजिट विद्यालय) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में पठन-पाठन, साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे मध्याह्न भोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा मध्याह्न भोजन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर स्वयं मध्याह्न भोजन ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता एवं स्वाद को चखा। विद्यालय में भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार तैयार किया गया था और इसकी गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।

विधायक ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय परिसर, किचन शेड, शौचालय सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।


उन्होंने विद्यालय स्टाफ को मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने, निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने तथा विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा, पोषण और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहतर बनाए रखने के लिए औचक निरीक्षण का क्रम आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने विद्यालय स्टाफ से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं