खेल सुविधाओं से लेकर डिजिटल शिक्षा तक व्यवस्थाओं की ली जानकारी, छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर जोर
हमीरपुर/कुरारा। जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल ने शुक्रवार को कुरारा क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, बीआरसी केंद्र एवं पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर पठन-पाठन, खेलकूद, भोजन, डिजिटल शिक्षा, स्वच्छता और आवासीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में छात्राओं ने कबड्डी एवं कुश्ती के अभ्यास के लिए मैट की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर शीघ्र मैट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल की सुविधाएं विकसित करने, परिसर की जर्जर सड़क की मरम्मत तथा अधूरी बाउंड्रीवॉल का निर्माण जल्द पूरा कराने को कहा। निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम की आवश्यक सुविधाएं भी समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
विद्यालय में उपलब्ध हारमोनियम, तबला, गिटार सहित अन्य वाद्ययंत्रों की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इनका नियमित उपयोग छात्राओं की प्रतिभा निखारने में किया जाए। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए दिसंबर तक 2 से 4 म्यूजिकल बैंड/टीमें तैयार कर प्रतियोगिता आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।

डिजिटल शिक्षा पर विशेष जोर
कंप्यूटर लैब के निरीक्षण के दौरान सभी 10 कंप्यूटर क्रियाशील पाए गए। जिलाधिकारी ने छात्राओं को नियमित इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा 8 की छात्राओं को एमएस वर्ड, एक्सेल, पावरपॉइंट, पेंट और बेसिक कोडिंग जैसी डिजिटल दक्षताओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।


छात्राओं से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने कहा, “आज एआई और डिजिटल तकनीक का जमाना है। YouTube के माध्यम से कम समय में बहुत कुछ नया और एडवांस सीखा जा सकता है। उपलब्ध संसाधनों का पूर्ण सदुपयोग करें।”
पीएम श्री विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता परखी
पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं मध्याह्न भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता परखी, जो संतोषजनक पाई गई। उन्होंने स्मार्ट बोर्ड, लाइब्रेरी, कक्ष-कक्षों तथा शौचालयों की स्वच्छता का भी जायजा लिया और व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडल स्तर पर चयनित 7 प्रतिभावान खेल छात्राओं को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत किए जाने की संस्तुति की गई। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री मुकेश खरवार एवं विद्यालय वार्डन को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल, तकनीकी ज्ञान, सांस्कृतिक गतिविधियों और रचनात्मक प्रतिभाओं को समान अवसर मिलना चाहिए। निरीक्षण का उद्देश्य व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन कर विद्यार्थियों के लिए बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है।







