कहा- शिकायतों का समाधान केवल कागजों पर नहीं, फरियादियों को वास्तविक राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता
हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने एक-एक फरियादी की समस्या को समझते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतों को दर्ज करना नहीं, बल्कि समस्याओं का प्रभावी एवं स्थायी समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण से पहले मौके की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जाए तथा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान तहसील, ब्लॉक अथवा स्थानीय स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण संबंधित स्तर पर ही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। इससे आमजन को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी अथवा महज औपचारिकता न बरती जाए। प्रत्येक प्रकरण की प्रगति की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त विभिन्न शिकायतों एवं प्रार्थना पत्रों को जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्रवाई से संबंधित शिकायतकर्ता को वास्तविक लाभ प्राप्त हो।
जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को पारदर्शी, संवेदनशील, जवाबदेह एवं सुगम प्रशासन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति गंभीरता और संवेदनशीलता रखते हुए प्रभावी कार्रवाई करें, जिससे आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो।
— इंडिया खोज विचार (IKVNEWS), हमीरपुर







