सुरक्षित-असुरक्षित स्पर्श, कानूनी अधिकारों और लैंगिक अपराधों से बचाव की दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
हमीरपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर के तत्वावधान में संचालित POCSO जागरूकता कार्यक्रम के चौथे दिन 29 सितंबर 2026 को सरदार पटेल बालिका इंटर कॉलेज, रानी लक्ष्मी बाई पार्क, हमीरपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर श्री मनोज कुमार राय के दिशा-निर्देशन एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में सिविल जज जूनियर डिवीजन श्रीमती कीर्ति मिश्रा ने छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO Act) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को उनके विधिक अधिकारों, लैंगिक अपराधों से सुरक्षा तथा सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के संबंध में विस्तार से जागरूक किया।
सिविल जज ने छात्राओं को समझाया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, असहज व्यवहार अथवा लैंगिक अपराध की स्थिति में चुप नहीं रहना चाहिए। ऐसी स्थिति में तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित प्राधिकारी को जानकारी देने के लिए उन्होंने छात्राओं को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों का संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ किसी भी संदिग्ध या असहज स्थिति को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई। आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध कानूनी सहायता एवं संबंधित माध्यमों का उपयोग करने के लिए भी छात्राओं को जागरूक किया गया।
प्रधानाचार्या ने किया सिविल जज का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती स्नेहा सचान ने बुके भेंट कर सिविल जज जूनियर डिवीजन श्रीमती कीर्ति मिश्रा का सम्मान किया।

इस अवसर पर पीएलवी पवन तिवारी, पीएलवी हुमैरा खातून, महिला कल्याण विभाग से श्रीमती शशि तिवारी, आकिफ अहमद, एएचटीयू थाना अध्यक्ष राकेश यादव एवं उपनिरीक्षक राजबहादुर यादव सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को POCSO Act, 2012, बाल अधिकारों एवं विधिक संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान के साथ किसी भी विपरीत परिस्थिति में उचित कदम उठाने के लिए सजग एवं संवेदनशील बनाना रहा।
IKVNEWS | इंडिया खोज विचार
सच को बयां करती खबरें







