संपूर्ण समाधान दिवस में 243 शिकायतें, 30 का मौके पर निस्तारण

SHARE:

मौदहा तहसील में डीएम और एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, सात दिन में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

हमीरपुर। जनसमस्याओं के प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील मौदहा में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री मृगांक शेखर पाठक ने की। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनपद की चारों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 243 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 30 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। तहसील मौदहा में 68 शिकायतों में से 07, राठ में 62 में से 07, हमीरपुर में 42 में से 07 तथा सरीला में 71 शिकायतों में से 09 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

औपचारिकता नहीं, गुणवत्तापूर्ण हो शिकायतों का निस्तारण

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता तक सीमित न रहे। प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से समाधान किया जाए। शिकायतकर्ता को निस्तारण के संबंध में लिखित रसीद अथवा फीडबैक उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जो कार्य नियमानुसार संभव है, उसे तत्काल पूरा किया जाए और यदि किसी कारण से शिकायत का समाधान संभव नहीं है तो शिकायतकर्ता को स्पष्ट कारण बताया जाए। सभी शिकायतों का निस्तारण अधिकतम सात दिवस के भीतर कर संबंधित रिपोर्ट तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

पेंशन शिकायतों को प्राथमिकता, फर्जीवाड़े पर सख्ती

जिलाधिकारी ने वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। KYC अथवा आवश्यक अभिलेख अधूरे होने पर फील्ड कर्मचारियों को भेजकर प्रक्रिया पूरी कराने को कहा गया।

विधवा पेंशन की धनराशि अथवा एटीएम के माध्यम से अवैध निकासी से जुड़ी शिकायत पर उन्होंने गंभीरता से जांच करने और आवश्यकतानुसार एफआईआर दर्ज कराने के साथ सोमवार तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग में बिचौलियों को हावी नहीं होने दिया जाएगा तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सीधे उपलब्ध कराया जाए।

अन्ना पशुओं को एक सप्ताह में गोशालाओं में पहुंचाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सड़कों एवं सड़क किनारे घूम रहे अन्ना पशुओं को एक सप्ताह के भीतर गोशालाओं में पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को अभियान में तत्परता से कार्रवाई करने को कहा गया।

उन्होंने गोशालाओं में भूसा, चारा, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखने के साथ बीमार एवं घायल गोवंश का उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पशु चिकित्सकों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए भी कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के बाद सड़कों पर अन्ना पशु मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

पुलिस शिकायतों पर तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर तत्काल मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए। गंभीर मामलों में अविलंब एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

आगामी त्योहारों के मद्देनजर सभी थाना क्षेत्रों में समय से पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए। शोभायात्रा एवं मूर्ति विसर्जन मार्गों पर विद्युत के ढीले तारों को दुरुस्त कराने तथा सड़कों के गड्ढों और जलभराव की समस्या दूर कराने के लिए विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर निकाय एवं विकास खंड के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

IKV News
Author: IKV News