जन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं पर डीएम ने दिखाई सख्ती, सात दिन में सड़क गड्ढामुक्त करने के निर्देश

SHARE:

हमीरपुर। तहसील एवं विकासखंड मौदहा की ग्राम पंचायत चकदहा एवं मकरांव में जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जन चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी ग्रामीणों को दी। मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, कृषि विभाग, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी साझा की।

सात दिन में मौदहा-चकदहा बसवारी रोड होगी गड्ढामुक्त

ग्रामीणों ने मौदहा से चकदहा बसवारी रोड पर करीब 20 से 23 किलोमीटर की दूरी में कई स्थानों पर सड़क में गड्ढे और सड़क उखड़ने की शिकायत जिलाधिकारी से की। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सड़क का सर्वे कर गड्ढों की संख्या की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सात दिनों के भीतर पूरी सड़क को गड्ढामुक्त कराने को कहा।

पेयजल आपूर्ति में सुधार के निर्देश

ग्रामीणों ने नमामि गंगे परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की समुचित मरम्मत नहीं होने तथा हर घर जल योजना के तहत नियमित पेयजल आपूर्ति न मिलने की शिकायत की। ग्रामीणों के अनुसार कुछ स्थानों पर सप्ताह में केवल एक दिन पानी पहुंच रहा है। जिलाधिकारी ने जल निगम के जेई और ऑपरेटर को प्रतिदिन सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गांव में खराब पड़े चार हैंडपंपों को भी अगले दो दिनों में ठीक कराने के निर्देश एडीओ पंचायत एवं बीडीओ को दिए गए।

राशन वितरण की जांच के निर्देश

राशन वितरण को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की कि अंगूठा लगवाने के दो-तीन दिन बाद राशन दिया जाता है और प्रति यूनिट करीब आधा किलो राशन कम तौलने की शिकायत भी सामने आई। जिलाधिकारी ने बांट-माप निरीक्षक को कांटा मशीन और तौल की तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अंगूठा लगने के बाद उसी दिन निर्धारित मात्रा में पूरा राशन लाभार्थियों को उपलब्ध कराया जाए। हालांकि चौपाल में किसी ग्रामीण ने कोटेदार के खिलाफ शिकायत नहीं की। मौके पर राशन वितरण व्यवस्था और तौल को भी सत्यापित किया गया।

आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं पर सख्ती

किशनपुरवा आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों को भोजन उपलब्ध न कराए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सीडीपीओ एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर बच्चों को निर्धारित भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने तथा लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ स्पष्टीकरण की कार्रवाई करने को कहा।

आंगनवाड़ी केंद्र से वितरित पुष्टाहार में कीड़े होने की शिकायत पर जिला कार्यक्रम अधिकारी को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करने, खराब पुष्टाहार वापस कराने और जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

तालाब से अतिक्रमण हटाने के निर्देश

चकदहा में ग्रामीणों ने करीब तीन एकड़ क्षेत्रफल वाले तालाब पर अतिक्रमण होने की शिकायत की। ग्रामीणों के अनुसार अतिक्रमण के कारण तालाब का क्षेत्रफल सिमटकर करीब डेढ़ एकड़ रह गया है। जिलाधिकारी ने एसडीएम को तालाब की नाप-जोख कराकर सीमांकन एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गौशाला मार्ग पर जलभराव की समस्या पर भी एसडीएम को टीम भेजकर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए।

बारिश से क्षतिग्रस्त 14 मकानों के लाभार्थियों को मिलेगी राहत

चौपाल में जिलाधिकारी ने बताया कि हाल में लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश से क्षतिग्रस्त हुए 14 मकानों का सर्वे लेखपालों द्वारा पूरा कर लिया गया है। संबंधित राहत राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में आज या सोमवार तक भेजे जाने की जानकारी दी गई।

उन्होंने कहा कि यदि किसी अन्य ग्रामीण का मकान भी बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ है तो वह तत्काल लेखपाल या कानूनगो को सूचना देकर अपना नाम दर्ज कराए, ताकि जांच कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

गौशाला में 200 से अधिक पशु मिले

गौशाला में पशु न होने की शिकायत पर अधिकारियों की टीम से जांच कराई गई। जांच के दौरान गौशाला में 200 से अधिक पशु पाए गए, जिसके बाद शिकायत असत्य पाई गई।

वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की रुकी किस्तों के संबंध में किसानों को उप कृषि निदेशक एवं जिला कृषि अधिकारी से संपर्क कर दस्तावेजी कमियों और आवश्यक सत्यापन को पूरा कराने की सलाह दी गई, ताकि पात्र किसानों की निधि पुनः जारी हो सके।

डिजिटल जनगणना को लेकर दी गई जानकारी

चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था ऑनलाइन हो चुकी है। पंचायत सचिव को घटना के 21 दिनों के भीतर प्रमाण पत्र जारी करने का अधिकार है, इसलिए ग्रामीणों से समय पर आवेदन करने की अपील की गई।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने आगामी डिजिटल जनगणना 2026-27 के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मकानों की सूचीकरण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 16 से 30 नवंबर तक मोबाइल ऐप के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर से 5 जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे।

चकदहा में विद्युत व्यवस्था की भी हुई समीक्षा

जन चौपाल में ग्राम पंचायत चकदहा की विद्युत व्यवस्था की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि गांव विद्युतीकृत है और यहां 325 विद्युत कनेक्शन तथा पांच ट्रांसफार्मर स्थापित हैं। वर्तमान में किसी ट्रांसफार्मर के खराब होने की सूचना नहीं है।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन चौपाल में सामने आई प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अलका शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

IKV News
Author: IKV News