हमीरपुर। माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री मनोज कुमार राय के दिशा-निर्देशन एवं सीनियर सिविल जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना अग्रवाल के मार्गदर्शन में तहसील मौदहा में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर के माध्यम से तहसील परिसर में पहुंचे फरियादियों, शिकायतकर्ताओं और आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, विधिक प्रक्रियाओं एवं उपलब्ध कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) शिवनारायण एवं पवन तिवारी ने नागरिकों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया।

निःशुल्क विधिक सहायता और लोक अदालत की दी जानकारी
शिविर में नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालतों के लाभ, पीड़िता प्रतिकर योजना तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। पीएलवी ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को सुलभ, त्वरित और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराने में सहायता करना है।
पराविधिक स्वयंसेवकों ने आमजन से अपील की कि वे अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सेवाओं का लाभ उठाएं।
ग्रामीणों को अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील
शिविर में उपस्थित नागरिकों को बताया गया कि कानूनी जानकारी के अभाव में कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे। जरूरतमंद पात्र लोगों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर तहसील प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, फरियादी, शिकायतकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







