46 खेल मैदानों पर गांव-गांव में खेल प्रतिभाओं को मिल रहा मंच, पुरस्कार वितरण समारोह में ब्रज किशोर गुप्ता, आशीष पालिवाल एवं सुशील सोनी रहे मौजूद
महोबा–हमीरपुर। विधानसभा कप-2027 के अंतर्गत आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में मिश्रीपुर न्याय पंचायत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुरारा-देहात न्याय पंचायत की टीम को 26 रनों से पराजित कर जीत अपने नाम की। रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैच देखने के लिए कुरारा क्षेत्र के बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं स्थानीय लोग दर्शक के रूप में मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के अंतर्गत खेले गए इस मुकाबले का शुभारंभ वरिष्ठ भाजपा नेता शिवशंकर सिंह ने राष्ट्रगान के साथ किया। उन्होंने मैदान में उपस्थित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं में अनुशासन, टीम भावना एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का बेहतर माध्यम हैं।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मिश्रीपुर न्याय पंचायत की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाए। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुरारा-देहात न्याय पंचायत की टीम मिश्रीपुर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 104 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह मिश्रीपुर न्याय पंचायत ने 26 रनों से शानदार जीत दर्ज की।

मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पवन शुक्ला को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच, सुराज श्रीवास्तव को बेस्ट बल्लेबाज तथा गौरव सिंह को बेस्ट गेंदबाज के पुरस्कार से नवाजा गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में सहकारी बैंक के उपसभापति ब्रज किशोर गुप्ता, कुरारा ब्लॉक प्रमुख आशीष पालिवाल एवं विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड मंत्री सुशील सोनी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में निरंतर भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मौजूद कुरारा क्षेत्र के दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया।
46 खेल मैदानों से गांवों में विकसित हो रही खेल संस्कृति
विधानसभा कप-2027 की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह है कि इसके माध्यम से क्षेत्र में 46 खेल मैदानों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन मैदानों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही बच्चों और युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
इस पहल के तहत ऐसे कई मैदानों को भी खेल गतिविधियों के अनुकूल बनाया जा रहा है, जहां पहले अतिक्रमण था अथवा घास-फूस उगी हुई थी। मैदानों की साफ-सफाई कर उन्हें खिलाड़ियों के उपयोग के लिए तैयार किया जा रहा है।
विधानसभा कप का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि गांव-गांव में खेलों का बुनियादी ढांचा मजबूत करना, स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना भी है। निश्चित रूप से इस तरह की पहल ग्रामीण क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई दिशा देने के साथ ही युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान कर रही है।
IKVNEWS | सच को बयान करती खबरें








