हमीरपुर। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर के मार्गदर्शन में सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर श्रीमती वंदना अग्रवाल ने मुख्यालय स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ वहां रह रहे बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान भोजन की व्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, आवासीय सुविधाओं सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को देखा गया। सचिव ने वृद्धजनों से व्यक्तिगत रूप से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यकताओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के समय वृद्धाश्रम के प्रबंधक श्री बद्री नारायण मिश्रा एवं लेखाकार श्री जितेंद्र सिंह परमार मौजूद रहे। उन्होंने वृद्धाश्रम में संचालित व्यवस्थाओं तथा बुजुर्गों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर पीएलवी श्री पवन तिवारी भी उपस्थित रहे।
इस दौरान वृद्धजनों को उनके विधिक अधिकारों, वरिष्ठ नागरिकों के संरक्षण एवं भरण-पोषण से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी विधिक आवश्यकता की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क सहायता एवं परामर्श प्राप्त किया जा सकता है।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने वृद्धजनों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने वृद्धाश्रम प्रबंधन को बुजुर्गों की सुविधाओं, सम्मान और आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।







